ढाका,02 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के लिए एक संदेश लिखा था, जिसका मुख्य विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने मंगलवार को जवाब दिया है। बीएनपी ने एक्स पर लिखा, बीएनपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उनके भेजे गए संदेश और बीएनपी चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया के जल्दी ठीक होने की शुभकामनाओं के लिए दिल से शुक्रिया अदा करती है। बीएनपी इस सद्भावपूर्ण व्यवहार और समर्थन देने की इच्छा की बहुत तारीफ करती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को एक्स पर बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री 80 वर्षीय जिया के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी और उनके स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने लिखा था, बेगम खालिदा जिय़ा की सेहत के बारे में जानकर बहुत चिंता हुई, जिन्होंने कई सालों तक बांग्लादेश के सार्वजनिक जीवन में योगदान दिया है। हमारी दिल से दुआएं और शुभकामनाएं उनके जल्दी ठीक होने के लिए हैं। भारत हर तरह से मदद करने के लिए तैयार है।
जिया पहले फेफड़ों में संक्रमण से पीडि़त थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब यह गंभीर हो गया है, जिसके बाद उन्हें कोरोनरी केयर यूनिट में स्थानांतरित करना पड़ा है। जिया वेंटिलेशन पर हैं और विदेशी विशेषज्ञों वाली मेडिकल टीम इलाज कर रही है। जिया लंदन में 4 माह इलाज कराने के बाद 6 मई को ढाका लौटीं हैं। उन्हें 23 नवंबर को हृदय-फेफड़ों से जुड़ी जटिलताओं के कारण अचानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
००

