-आईपीआर विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का हुआ आयोजन
अयोध्या 2 दिसंबर (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के श्रीराम शोध पीठ सभागार में बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन आईक्यूएसी द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने किया। प्रमुख वक्ता के रूप में सनशैडो कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली की प्रेसिडेंट डॉ. मोनिका शुक्ला एवं वाईस प्रेसिडेंट विजय शर्मा रहे। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि बौद्धिक संपदा अधिकार मानव रचनात्मकता के परिणाम, आविष्कार, और ब्रांडों के लिए कानूनी अधिकार है। उनके दुरुपयोग से बचाने के लिए शोधकर्ता या निर्माणकर्ता को क़ानूनी अधिकार प्रदान करता है। कुलपति ने कहा कि आज की इस तकनीकी युग में नए आविष्कारों और नई प्रगति की सुरक्षा पेटेंट के माध्यम से की जाती है। आईपीआर आधुनिक युग की सबसे मूल्यवान सम्पत्ति है, यह मानवीय विकास को गति देने वाली तकनीक को पुरस्कृत करती है। भारत डबल्यू आईपीओ का भी सक्रिय सदस्य है, इसके तहत शोध-पत्र, नई डिज़ाइन, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क और औद्योगिक डिज़ाइन आते हैं। डॉ. मोनिका ने कहा कि आईपीआर की आज के आधुनिक युग में बेहद आवश्यकता है। उच्च शिक्षा में इस क्षेत्र में काफ़ी काम किए जाने की आवश्यकता है। आईपीआर शोध और विकास में अधिकारों को संरक्षित करता है और वैधानिक मंच प्रदान कर उसे अनाधिकृत उपयोग से रोकता है। पहले की अपेक्षाकृत अब पेटेंट पर काफ़ी काम हो रहा है, इससे लोगों की रचनात्मकता और खोज की सुरक्षा करता है। आईपीआर अंतरराष्ट्रीय मानकों पर देश और संस्थान की प्रतिष्ठा को बढ़ाता है। आईपीआर के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए विजय शर्मा ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आईपीआर पर काफ़ी कार्य हो रहा है। आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. हिमांशु शेखर ने कहा कि आईपीआर नवाचार को बढ़ावा देता है और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गीतिका श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, प्रो. अनूप कुमार, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल, प्रो. फ़र्रुख़ जमाल, डॉ. शशिकला सिंह, डॉ. आशीष पांडेय, डॉ. अनुराग सोनी, डॉ. नीलम सिंह सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

