हैदराबाद,03 दिसंबर (आरएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की 3 करोड़ हिंदू देवी-देवताओं, यानी हर अवसर के लिए एक भगवान को लेकर की गई टिप्पणी ने नया राजनीतिक विवाद छेड़ दिया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के भीतर विविध विचारों और नेतृत्व चयन पर जारी चर्चाओं को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की थी। हालांकि, उनकी इस विवादास्पद टिप्पणी की विपक्षी भाजपा और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने तीखी निंदा की है। आइए पूरा मामला जानते हैं।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने कार्यकारिणी की बैठक में कहा, कांग्रेस हर तरह के लोगों को साथ लेकर चलती है। एक कहता है कि वह भगवान वेंकटेश्वर की पूजा करेगा, दूसरा कहता है कि वह हनुमान की पूजा करेगा। जब हम देवताओं पर आम सहमति नहीं बना पाए, तो मुझे नहीं लगता कि हम राजनीतिक नेताओं और डीसीसी अध्यक्षों पर भी आम सहमति बना पाएंगे। इस दौरान उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं का उदाहरण देकर कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने आगे कहा, हिंदू धर्म में कितने देवता हैं? तीन करोड़, क्यों? जो अविवाहित हैं उनके लिए भगवान हनुमान हैं। जो दो बार शादी करते हैं, उनके लिए एक और भगवान हैं। जो शराब पीते हैं, उनके लिए एक और भगवान हैं। येल्लम्मा, पोचम्मा, मैसम्मा, जिन्हें कुछ खास अवसरों पर ताड़ी और मांसाहारी भोजन परोसा जाता है। जो दाल-चावल खाते हैं, उनके लिए एक और भगवान हैं, है ना? सभी प्रकार के देवता हैं।
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बंडी संजय कुमार ने इस टिप्पणी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने लिखा, मैं मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा हिंदुओं और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वाली टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता हूं। कांग्रेस हमेशा से एआईएमआईएम के आगे झुकने वाली पार्टी रही है। यह बयान ही उनकी मानसिकता को उजागर करता है। कांग्रेस हमेशा से ही हिंदुओं के प्रति गहरी नफरत रखती है।
कुमार ने आगे लिखा, कांग्रेस की नफरत के कारण ही हमने जुबली हिल्स उपचुनाव के दौरान चेतावनी दी थी कि अगर कांग्रेस या बीआरएस गलती से जीत गए, तो हिंदू सम्मान के साथ घर से बाहर नहीं निकल पाएंगे। मुख्यमंत्री की ताजा टिप्पणियों से साबित होता है कि भाजपा सही थी। उन्होंने लिखा, कांग्रेस की हिंदुओं के प्रति नफरत अब उजागर हो गई है। हिंदू समुदाय के लिए गंभीरता से सोचकर एकजुट होते हुए अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री रेड्डी की इस टिप्पणी को लेकर तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने राज्य भर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा, मुख्यमंत्री की टिप्पणी के विरोध में 3 दिसंबर को पूरे राज्य में आंदोलन किया जाएगा। इस विरोध में मुख्यमंत्री के पुतले जलाना भी शामिल है। उन्होंने आगे लिखा, मुख्यमंत्री की इस तरह की टिप्पणियों ने हिंदू समुदाय को काफी आहत किया है और भाजपा इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

