मुंगेली, 23 जून (आरएनएस)। मुंगेली-लोरमी नहर रोड पर सोमवार को आबकारी विभाग के लिए किराए पर ली गई एक चारपहिया वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा पलटा, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली विकासखंड के बैगाकापा गांव के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। नहर रोड स्थित तिराहे के पास सामने से आ रही आबकारी विभाग की हायर वाहन से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान अंकित यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हादसे के बाद आबकारी विभाग की वाहन सड़क से फिसलकर नहर में जा गिरी। वाहन में सवार विभागीय टीम के कुछ सदस्य भी घायल हुए हैं। बताया गया कि यह निजी वाहन विभागीय कार्य के लिए किराए पर लिया गया था और घटना के समय टीम क्षेत्रीय दौरे पर निकली थी। लालपुर थाना पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक ने दुर्घटना टालने का प्रयास किया, लेकिन अचानक सामने आई बाइक को बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे के बाद बैगाकापा गांव में शोक का माहौल है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

