० गहरी नाली का निर्माण होने से वाहन चालकों की आवाजाही होगी सुगम
रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। लंबे अर्से से मोवा ओव्हरब्रिज में लग रहे जाम से लोगों को रोज आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्या के विकल्प के रूप में राज्य के लोक निर्माण विभाग द्वारा अंडरब्रिज का निर्माण किया गया था। वर्षाकाल में अंडरब्रिज में पानी भरने की वजह से वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित होती थी। विगत लगभग दो महीनों के बाद हाल ही में अंडरब्रिज यातायात के लिए खोला गया है। सीसी रोड का निर्माण करवाने के साथ ही सीसी रोड के दोनों ओर गहरी नाली का निर्माण करवाया गया है। हाल ही में हुई अल्पकालीन वर्षा से सीसी रोड में पानी का भराव नहीं हुआ है जिसके चलते मोवा सड्डू क्षेत्र से बड़ी संख्या में आवाजाही करने वालों को राहत मिली है। सर्वोम कालोनी निवासी राहुल वासवानी ने चर्चा के दौरान बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा उप मुख्यमंत्री एवं विभाग प्रमुख अरूण साव के सक्रिय प्रयास से ही उक्त क्षेत्रों से आवाजाही करने वालों को राहत मिली है। इस बरसात में अंडर ब्रिज में पानी नहीं भरेगा ऐसी संभावना राहुल ने व्यक्त की है। पंडरी निवासी रूमापाल ने भी इस संबंध में उपमुख्यमंत्री अरूण साव को धन्यवाद ज्ञापित किया है। अनेक लोगों का यह भी कहना है कि ओवरब्रिज में भी रोज सुबह शाम लगने वाले जाम से राहत नहीं मिल रही है जिसके चलते आधे से एक घंटे तक लोगों को यातायात जाम में रोज फंसना पड़ता है। राहुल बंजारे ने उपमुख्यमंंत्री से मांग की है कि ओवरब्रिज में लगने वाले जाम के लिए भी वह सक्रिय प्रयास करें। ताकि यातायात का संचालन सुगम हो सके।
शर्मा
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

