कांकेर, 23 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। ग्राम आमाटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक डम्प से हथियार, संचार उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी., बीएसएफ के डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी रविन्द्र सिंह चंदेल के निर्देशन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम आमाटोला के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सली डम्प का पता लगाकर वहां से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की।
बरामद सामग्री
4 नग भरमार बंदूक
2 वायरलेस सेट
1 रेडियो सेट
1 नक्सली वर्दी
2 पाउच
1 चार्जर
1 बैटरी
नक्सली साहित्य
अन्य उपयोगी नक्सली सामग्री
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री का उपयोग नक्सली संगठन संचार, सुरक्षा और गतिविधियों के संचालन में करते थे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को झटका लगा है।
संयुक्त टीम ने निभाई अहम भूमिका
अभियान में बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के एसी योगेश कुमार तथा इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू के नेतृत्व में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

