जशपुरनगर, 23 जून (आरएनएस)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने विद्युत विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) और योजना से जुड़े वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छ, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक योजना की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीकृत प्रकरणों में सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना शीघ्र पूर्ण कराने और बैंकों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया को सरल व समयबद्ध बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में कलेक्टर ने योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों और स्थापित सोलर संयंत्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राकेश तिवारी ने बताया कि योजना के तहत ऋण के लिए आवेदन करते समय आवेदकों को वही मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी दर्ज करनी चाहिए, जो उनके बैंक खाते से लिंक हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा तथा किसी आवेदन के अस्वीकृत होने पर उसका स्पष्ट कारण भी आवेदक को बताया जाएगा। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी एवं योजना से जुड़े वेंडर्स उपस्थित रहे।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

