नईदिल्ली,03 दिसंबर (आरएनएस)। दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों के हुए उपचुनाव का बुधवार को परिणाम आए गए हैं। इसमें भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ है। भाजपा ने 12 में 7 सीटें जीत ली हैं, जबकि पहले उसके पास 9 सीटें थी। आम आदमी पार्टी (आप) ने 2 और कांग्रेस ने 1 सीट जीती है। एक अन्य सीट निर्दलीय ने जीती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की शालीमारबाग- बी वार्ड से भाजपा उम्मीदवार अनीता जैन ने जीत हासिल की है।
दिल्ली के मुंडका, शालीमार बाग- बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका बी, ढिचाउ कलां, नारायणा, संगम विहार ए, दक्षिणपुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर में उपचुनाव हुए हैं। जिन 12 वार्डों में उपचुनाव हो रहे हैं, उसमें 9 वार्ड में भाजपा और बाकी 3 पर आप का कब्जा था। अभी दिल्ली नगर निगम भाजपा के पास 116 काउंसलर हैं, जबकि आप के 99, कांग्रेस के पास 8 और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) के पास 15 काउंसलर हैं।
विनोद नगर से भाजपा की सरला चौधरी, द्वारका बी से भाजपा की मनीषा देवी, अशोक विहार से वीना असीजा, ग्रेटर कैलाश से अंजुम मॉडल, ढिचाऊं कलां से रेखा रानी, चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता जीते हैं। चांदनी महल वार्ड से निर्दलीय मोहम्मद इमरान 4,592 वोटों से जीते हैं। मुंडका से आप के अनिल, दक्षिण पुरी से राम स्वरूप कनौजिया, नारायणा से राजन अरोड़ा जीते हैं। संगम विहार ए से कांग्रेस के सुरेश चौधरी जीते हैं।
दिल्ली में उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान हुआ था, जिसके लिए सभी 12 वार्डों में सिर्फ 38.51 प्रतिशत मतदान हुआ था। निगम के चुनावी रण में 51 उम्मीदवार उतारे गए थे, जिनमें 26 महिला और 25 पुरुष उम्मीदवार थे। दिल्ली निगम की 250 सदस्यों वाले सदन में बहुमत के लिए 126 सीटें चाहिए। अगर आज भाजपा 7 से 8 सीटें जीतती है तो उसे मेयर चुनाव में मजबूती मिलेगी।
००

