• प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर सांसद का श्रद्धासुमन
• जीरादेई से डॉ. प्रसाद के संबंध और सारण के ऐतिहासिक जुड़ाव का उल्लेख
• जीरादेई स्थित प्रतिमा पर सांसद द्वारा किए गए माल्यार्पण को आज के अवसर से जोड़कर स्मरण
• राष्ट्रनिर्माण, सादगी और आदर्श राजनीति में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के योगदान को रेखांकित
छपरा, 03 दिसम्बर (आरएनएस )। देश के प्रथम राष्ट्रपति, संविधान सभा के अध्यक्ष और भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने उन्हें नमन किया है। सांसद रूडी ने कहा कि डॉ. प्रसाद केवल बिहार ही नहीं बल्कि संपूर्ण भारत की नैतिक शक्ति और आदर्श राजनीतिक आचरण के प्रतीक थे। उनका जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता का अनुपम उदाहरण है। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का पैतृक गाँव जीरादेई (सिवान) पहले सारण जिला का ही हिस्सा रहा है, इसी कारण उनका सारण से विशेष ऐतिहासिक व आत्मीय संबंध रहा है। इस अवसर पर सांसद रूडी ने उस क्षण को भी याद किया जब पूर्व में वे जीरादेई पहुंचे थे और वहाँ स्थापित डॉ. प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। उस यात्रा का फ़ाइल फ़ोटो भी आज की श्रद्धांजलि के रूप में साझा किया गया है।सांसद रूडी ने कहा कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का जीवन हम सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है। भारत की लोकतांत्रिक परंपरा, संविधानिक मर्यादा और जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी हमारे मार्ग को आलोकित करती है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

