पटना,04 दिसंबर (आरएनएस)। बिहार विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में आज चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई. विधानसभा और विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता पक्ष की तरफ से अपनी बातों को रखा. इस दौरान सीएम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी जमकर तारीफ की.
मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को धन्यवाद दिया. एनडीए को भारी बहुमत से जीताने के लिए बिहार के लोगों को भी शुक्रिया अदा किया. कहा कि बिहार में विकास हो रहा है कहीं डर का माहौल नहीं है. सीएम ने कहा कि पहले कितना हिंदू मुस्लिम होता था, लेकिन अब किसी तरह का झंझट नहीं होता है. पहले कब्रिस्तान की घेराबंदी की गई. फिर 60 साल से अधिक पुराने मंदिरों की घेराबंदी की गई.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 10 लाख नौकरी 10 लाख रोजगार का वादा किया गया था. लेकिन 10 लाख नौकरी और 40 लाख रोजगार दिया जा चुका है. यानी 50 लाख नौकरी रोजगार दिया जा चुका है. अब अगले 5 साल में एक करोड़ नौकरी रोजगार दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत में महिलाओं के आरक्षण 2006 में हम लोगों ने दिया, तब से चार चुनाव हो चुके हैं. अब सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है. एक करोड़ 40 लाख जीविका दीदी हैं और इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार के लिए महिलाओं को ?10000 की राशि दी जा रही है. अब तक एक करोड़ 56 लाख महिलाओं को राशि दी जा चुकी है. महिलाओं को अच्छा व्यवसाय करने पर 2 लाख तक की और सहायता दी जाएगी.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि केन्द्र सरकार का भी भरपूर मदद मिल रहा है. 2024 और 2025 में विशेष आर्थिक पैकेज बिहार को मिला है. बजट में मखाना बोर्ड के गठन का भी फैसला लिया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हम नमन करते हैं. इस दौरान सीएम नीतीश ने सभी को हाथ उठाने के लिए कहा. विपक्ष को भी कहा कि आप लोग भी क्यों नहीं उठा रहे हैं? आप लोग पहले बात मान लेते थे लेकिन बाद में गड़बड़ करने लगे तो छोड़ दिये, अब कभी नहीं जाएंगे.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कराने का अनुरोध किया. इधर तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति में राजद की तरफ से कुमार सर्वजीत ने बात रखी. कुमार सर्वजीत ने कहा कि सम्राट चौधरी के पिता ने सम्राट नाम रखा था, लेकिन मीडिया के लोगों ने बुलडोजर बाबा नाम रख दिया है. सर्वजीत ने कहा कि हम लोगों को पता था कि जब आपको प्रचंड बहुमत मिलेगा तो दलित के बेटा को बोलते नहीं देंगे.
कुमार सर्वजीत के इस बयान पर सत्ता पक्ष की तरफ से आपत्ति जताई गई. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि हम भी कई बार गए हैं, पहले से वहां काफी बेहतर स्थिति है. इसपर सर्वजीत ने मुख्यमंत्री से कहा कि आप एक कमेटी बना दें, वहां की स्थिति का जाकर जायजा ले.
विधानसभा के बाद विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले मात्र 6 मेडिकल कॉलेज थे. अब 12 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं. पटना मेडिकल कॉलेज में 5 हजार बेड का बना रहे हैं, बाकी सभी मेडिकल कॉलेज में 2500 बेड बनाए जा रहे हैं. आईजीआईएमएस में तीन हजार बेड का बनाए जा रहे हैं. स्वास्थ्य सुविधा का विस्तार हो रहा है.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सामाजिक पेंशन 1 करोड़ 14 लाख लोगों को मिल रहा है. केंद्र सरकार ने हमारा साथ दिया है. आर्थिक मदद मिल रही है. इसको लेकर हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दे रहे हैं. नीतीश कुमार ने अपने सदस्यों को कहा कि हाथ उठाकर समर्थन कीजिए. विपक्ष ने इस दौरान वॉक आउट किया. मुख्यमंत्री की बातों को नहीं सुना.
विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्यपाल ने अभिभाषण में सही बात कही है. जब बिहार की जनता ने ही 20 साल के कामकाज पर मुहर लगा दी है, तो उनकी बात पूरी तरह सही है. इसपर माले के विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि एनडीए नेताओं को चुनाव आयुक्त को भी धन्यवाद देना चाहिए, क्योंकि निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ है. जब बीच चुनाव में 65 लाख महिलाओं को ?1०० की राशि दी गई और उसे रोका नहीं गया.
माले विधायक के बयान पर पहले बीजेपी के रीगा के विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने आपत्ति जताई कहा कि यदि चुनाव फेयर नहीं हुआ है तो माले के विधायक को इस्तीफा दे देना चाहिए. उसके बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा आचार संहिता लगने से पहले जो योजना शुरू हो गई है उस पर कोई असर नहीं होता है. विपक्ष के लोग वोट चोरी, वोट चोरी का आरोप लगा रहे थे लेकिन एक भी मामला खोज नहीं पाये.
राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के बाद सरकार का उत्तर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया. सम्राट चौधरी ने कहा कि 14 लोगों ने इस चर्चा में भाग लिया है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी सहित सभी दल के सदस्यों ने भाग लिया है. सम्राट चौधरी ने कहा कि मेरा नाम बुलडोजर बाबा नहीं है सम्राट चौधरी ही है, लेकिन कोर्ट के आदेश पर माफिया के खिलाफ तो कार्रवाई होगी ही.
राज्यपाल के अभिभाषण का धन्यवाद प्रस्ताव विधानसभा से पास हो गया. वहीं दूसरी तरफ विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र नारायण यादव को चुन लिया गया. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए नरेंद्र नारायण यादव का एकमात्र प्रस्ताव आया है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्ताव को प्रेम कुमार ने स्वीकार किया. सम्राट चौधरी ने प्रस्ताव पेश किया, जिसे विजय कुमार चौधरी ने समर्थन दिया. सर्व सम्मति से नरेंद्र नारायण यादव बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

