रायगढ़, 23 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत कापू पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस मामले के मुख्य सप्लायर चिंतामणी उर्फ चेता यादव को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को थाना कापू क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में छापेमारी के दौरान महिला तस्कर चम्पा यादव के कब्जे से 0.818 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 13 हजार रुपये है, और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया था। पूछताछ में महिला ने गांजा चिंतामणी उर्फ चेता यादव से खरीदकर बेचने की बात स्वीकार की थी। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया, जिससे सप्लाई नेटवर्क की पुष्टि हुई। इसके बाद लगातार निगरानी करते हुए कापू पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चम्पा यादव को 6,500 रुपये में गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से 2,000 रुपये नकद, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल आरसी कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस केवल गांजा बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

