नईदिल्ली,04 दिसंबर। एशेज सीरीज 2025-26 के दूसरे मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अर्धशतक (76) लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 20वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा टेस्ट अर्धशतक साबित हुआ। गाबा टेस्ट के दौरान उन्होंने जो रूट के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी निभाई। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
इंग्लैंड ने 5 रन के स्कोर पर ही बेन डकेट और ओली पोप के विकेट खो दिए। ये दोनों खिलाड़ी अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद क्रॉली ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। पहले दिन के दूसरे सत्र के दौरान क्रॉली 93 गेंदों में 76 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके लगाए। उन्होंने रूट के साथ मिलकर 117 रन की साझेदारी की।
क्रॉली ने ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए टेस्ट में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अब तक 5 टेस्ट खेले हैं, इसकी 9 पारियों में 26.88 की औसत के साथ 242 रन बनाए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए 2 पारियों में शून्य पर भी आउट हुए थे। दिलचस्प रूप से एशेज 2025-25 के पहले पर्थ टेस्ट में क्रॉली दोनों पारियों में अपना खाता भी नहीं खेल सके थे।
क्रॉली ने एशेज सीरीज के इतिहास में अब तक 10 टेस्ट की 18 पारियों में 40.11 की औसत के साथ 722 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए।
दाएं हाथ के बल्लेबाज क्रॉली ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2019 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 61 टेस्ट की 110 पारियों में 31.37 की औसत से 3,389 रन बना लिए हैं। इस बीच 5 शतक के अलावा वह 20 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं। टेस्ट करियर में उनका सर्वोच्च स्कोर 267 रन रहा है, जो कि उनके प्रथम श्रेणी करियर का भी सबसे बड़ा स्कोर है।
००

