नईदिल्ली,26 जून(आरएनएस)। वेनेजुएला में 2 घातक भूकंप की त्रासदी दुनियाभर में लोगों को व्यथित कर रही है। भारत सरकार ने इस संकट की घड़ी में दक्षिणी अमेरिकी देश के लिए ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू कर मदद का हाथ बढ़ाया है। सरकार ने शुक्रवार को ऑपरेशन के तहत भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों से सेना की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम को रवाना किया है। उनके साथ 6 टन राहत सामग्री, जरूरी दवाइयां और स्वदेशी रूप से विकसित अत्याधुनिक भीष्म क्यूब है।
अमिस्ताद एक स्पैनिश शब्द है, जिसका अर्थ मित्रता है। वेनेजुएला में 98 प्रतिशत आबादी स्पैनिश बोलती है। यह मिशन वसुधैव कुटुंबकम् की भावना पर आधारित है। दल भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन सर्जरी, गहन देखभाल और अन्य जीवन रक्षक चिकित्सा सेवाएं देगा। भीष्म क्यूब की बात करें तो यह एक पोर्टेबल मॉड्यूलर फील्ड अस्पताल है, जिसे आसानी से 200 मरीजों के लिए छोटा अस्पताल बनाया जा सकता है। इसे आपदा प्रतिक्रिया क्षमताओं को मजबूत करने के लिए विकसित किया है।
वेनेजुएला में गुरुवार तड़के 2 भूकंप आए, जिसमें पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 थी, जिसका केंद्र राजधानी कराकस से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में था। इसके कुछ ही मिनट बाद 7.5 तीव्रता का एक और भूकंप आया, जिसका केंद्र मोरोन शहर के दक्षिण-पश्चिम में था। इसके बाद भी 30 झटके लगे थे। अब तक 235 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,500 से अधिक लोग घायल हैं। ढही इमारतों में अब भी लोग फंसे हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

