मनेंद्रगढ,26 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने पवित्र नगरी अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा उद्गम मंदिर में विधि-विध5ान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने बाबा अमरकंठ महादेव का जलाभिषेक, पूजन-अर्चन एवं आरती कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।पूर्व मुख्यमंत्री अपनी पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल, परिजनों एवं मित्र प्रदीप शर्मा के साथ मां नर्मदा उद्गम कुंड पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन कर मां नर्मदा के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। नर्मदा मंदिर के पुजारी पंडित उमेश द्विवेदी (बंटी महाराज) ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका संपूर्ण पूजन-अर्चन संपन्न कराया। इसके बाद उन्होंने बाबा अमरकंठ महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया तथा मंदिर परिसर की परिक्रमा की। इस दौरान उन्होंने 11 रुद्र महादेव मंदिर में भी दर्शन कर शीश नवाया।परिक्रमा के दौरान भूपेश बघेल ने अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर में स्मृति स्वरूप छायाचित्र भी खिंचवाए। नर्मदा मंदिर के पुजारियों ने उन्हें मां नर्मदा की पावन चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। प्राचीन पुरातत्व संरक्षित परिसर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। बताया गया कि वे अपने परिवार के साथ दो दिवसीय निजी प्रवास पर अमरकंटक आए हैं तथा स्थानीय एक होटल में ठहरे हुए हैं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

