०चंदन कुमार झा होंगे भिलाई इकाई के नए डीआईजी, कई अधिकारियों के भी हुए स्थानांतरण
दुर्ग, 26 जून(आरएनएस)। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी मामले के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। सीआईएसएफ भिलाई के डीआईजी नागेंद्र नाथ त्रिपाठी का तबादला दिल्ली मुख्यालय कर दिया गया है। उनकी जगह भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी चंदन कुमार झा को भिलाई इकाई का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है।
नागेंद्र नाथ त्रिपाठी वर्ष 2009 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर सीआईएसएफ में डीआईजी के रूप में कार्यरत थे। वहीं, झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी एवं बोकारो के पूर्व पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा हाल ही में प्रतिनियुक्ति पर सीआईएसएफ में आए हैं और अब उन्हें भिलाई इकाई की कमान सौंपी गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में भिलाई इस्पात संयंत्र में करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी का मामला सामने आया था। इस मामले में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा सीआईएसएफ के कुछ जवानों से भी पूछताछ की गई थी। जांच एजेंसियों का मानना था कि संयंत्र के भीतर इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी मिलीभगत के संभव नहीं हो सकती।
अब तक इस मामले में कथित मुख्य सरगना संजय सिंह सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ ने संगठनात्मक स्तर पर यह बड़ा फेरबदल किया है।
इसके अलावा भिलाई स्टील प्लांट में पदस्थ उप कमांडेंट निधि सिंह का तबादला कर उन्हें केओपीए, कोलकाता भेजा गया है। वहीं, इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के डीआईजी एल.के. हाकिप का स्थानांतरण कोलकाता एयरपोर्ट कर दिया गया है। उनकी जगह नागपुर एयरपोर्ट में वरिष्ठ कमांडेंट के पद पर कार्यरत दिलीप कुमार को पदोन्नत कर डीआईजी बनाया गया है और इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हालांकि, सीआईएसएफ या केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से इन तबादलों को सीधे स्क्रैप चोरी मामले से जोड़ते हुए कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

