नई दिल्ली,26 जून(आरएनएस)। बाहरी दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया. सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है.
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, दोपहर 12:03 बजे सूचना मिली कि मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक में कुछ लोग फंसे हुए हैं. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाडिय़ां मौके के लिए रवाना की गईं. हालांकि रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ. स्थिति को देखते हुए एक अन्य दमकल वाहन को टिकरी मार्ग से मौके पर भेजा गया.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तीनों मजदूर सेप्टिक टैंक के अंदर उतरे थे, जहां जहरीली गैस के संपर्क में आने के बाद वे बेहोश हो गए. बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने उन्हें टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया. दोपहर करीब 1:30 बजे अग्निशमन विभाग ने उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) की मौजूदगी की मांग की, जिसके बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के माध्यम से मुंडका के एसडीएम को सूचना दी गई.
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं. हादसे ने एक बार फिर सेप्टिक टैंकों की सफाई और रखरखाव के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

