लखनऊ 5 दिसंबर (आरएनएस ) नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने मऊ प्रवास के दौरान विक्ट्री इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2 के अंतर्गत 232 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लाभार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन क्षेत्र में आवासीय सुरक्षा और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि देश का कोई भी परिवार बेघर न रहे। इसी सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना को तीव्र गति और पूर्ण पारदर्शिता के साथ लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों के जीवन में स्थिरता और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का माध्यम बन चुकी है और पात्र परिवारों को अपने स्वयं के घर का सपना पूरा करने में सहयोग कर रही है।मंत्री शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश में लगभग 15 लाख मकान उपलब्ध कराए गए, जो इस योजना की ऐतिहासिक सफलता को दर्शाते हैं। मऊ जनपद में अब तक 18,171 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनसे हजारों परिवार लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि दोहरीघाट क्षेत्र के 534 लाभार्थियों को भी आवास प्रदान किए गए, जो क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना मात्र चार दीवारें बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जीवन स्तर में सुधार का व्यापक अभियान है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय से योजना का लाभ मिले और कोई भी जरूरतमंद वंचित न रह जाए। उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका नया घर स्थिरता, सम्मान और सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने भी अपनी खुशी प्रकट की और सरकार के प्रयासों की सराहना की। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंत्री शर्मा ने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सामूहिक प्रयासों से ही यह योजना प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही है।स्वीकृति पत्र पाने वालों में कुसुम देवी, जीतन साहनी, अनिल वर्मा, नरगिस, प्रियंका रंजन, बबीता सोनकर, विनोद कुमार समेत अनेक लाभार्थी शामिल रहे। इस अवसर पर अध्यक्ष दोहरीघाट विनय जायसवाल, घोसी के अध्यक्ष मुन्ना गुप्ता, परियोजना अधिकारी अरविंद पांडेय, संबंधित विभागीय अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।मंत्री शर्मा ने कार्यक्रम के बाद लाभार्थियों व नागरिकों से संवाद भी किया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

