परिजनों का डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप, एमजी रोड पर किया चक्का जाम
प्रयागराज,06 दिसंबर (आरएनएस)। स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में एक 5 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और शनिवार सुबह एमजी रोड पर जाम लगा दिया। बच्चे के पिता का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान चली गई और अस्पताल ने शव भी उपलब्ध नहीं कराया। गुस्साए परिजन सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करने लगे,जिसके चलते काफी लम्बा जाम लग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजन बच्चे का शव तत्काल सौंपने और संबंधित अस्पतालकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यमुनापार के अमिलिया गांव में रहने वाले गुड्डू ने बताया कि उसने अपने बेटे वंश को 30 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया था। बच्चा छत से सरपत का ग_र नीचे फेंक रहा था तभी पास से निकले तार से करंट लग गया। उसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि शनिवार सुबह जब उन्होंने डॉक्टरों को बुलाया, तो डॉक्टरों ने देरी की और बाद में बच्चे के सीने पर दबाव डालते हुए बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद उन्हें अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया।
डीसीपी सिटी प्रयागराज मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि जाम खोलवा दिया गया है और परिजनों से बातचीत जारी है। यदि परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार नहीं होते हैं,तो सहमति के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

