कोलकाता,06 दिसंबर (आरएनएस)। आज कोलकाता सहित पूरे राज्य में ठंडी हवाओं के साथ शीतलहर का एहसास हुआ। ऐसे में महानगर कोलकाता कूल-कूल हो गया और आज इस सीजन में सबसे सर्द दिन दर्ज हुआ। कोलकाता में आज पारा 14.5 पर जा पहुंचा। कोलकाता और दक्षिण बंगाल में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार से शनिवार के बीच तापमान में तेज गिरावट दर्ज होने के बाद शहर सीजन के सबसे ठंडे दिन की ओर बढ़ रहा है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय मुख्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में आसमान साफ रहेगा और सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे रहा। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 83 प्रतिशत और न्यूनतम 40 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ। बारिश का कोई आंकड़ा दर्ज नहीं हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में इस समय कोई महत्वपूर्ण निम्नदाब क्षेत्र सक्रिय नहीं है, जिसके कारण उत्तर पश्चिम से आने वाली ठंडी हवा बेरोक बह रही है। अलीपुर मौसम केंद्र ने बताया कि दक्षिण बंगाल में अगले दो दिनों में रात का तापमान कम से कम दो डिग्री और गिर सकता है। इसके उलट उत्तर बंगाल में तापमान में किसी खास उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने और कहीं भी बारिश की संभावना न होने का अनुमान है। इस बार सिर्फ पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों में भी सामान्य से अधिक ठंड पडऩे की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में लानिन्या के प्रभाव से ठंड ज्यादा दिन तक टिक सकती है और शीतलहर के अधिक दौर देखने को मिल सकते हैं।


















