रायपुर 28 जून (आरएनएस) मोतीबाग की सुबह उस वक्त खौफ में बदल गई जब पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। मोबाइल पर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में आमने-सामने की भिड़ंत में बदल गई और युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद फरार हुए आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
थाना सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 की सुबह करीब 6 बजे मोतीबाग में पीड़ित कृष दीप और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते थे। घटना से पहले मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी एक राय होकर पीड़ित से मिलने पहुंचे। आमना-सामना होते ही कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने चाकू से हमला कर कृष दीप को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महेंद्र उर्फ हर्ष सोनी (21 वर्ष), पिता बनमली सोनी, निवासी कालीबाड़ी, सुलभ के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर तथा देव बघेल (21 वर्ष), पिता वासुदेव बघेल, निवासी राम जानकी मंदिर के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित हत्या के प्रयास एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

