• सारण संरेखन पर बनी उच्च स्तरीय सहमति, प्रस्ताव स्वीकृति हेतु अग्रसारित
• सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के साथ विस्तृत समीक्षा
• पूर्व में भी पथ निर्माण मंत्री नीतीन नबिन से रुडी का हुआ था विमर्श
• दिघवारा से शुरू होकर गंडक नदी के नए पुल को पार करने वाला नॉर्दर्न रिंग रोड
• मनचितवा के आगे तक जाएगा यह मार्ग, जेपी सेतु और शेरपुर-दिघवारा पुल को देगा सीधा संपर्क
• कोन्हुआ के पास गंडक पर बनेगा एक और नया पुल, जो पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा
• परियोजना लागत दो हजार करोड़ से अधिक, उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी को नई छलांग
• एनएचएआई और केंद्र सरकार से मिली सैद्धांतिक सहमति, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई दिशा
• एनएचएआई द्वारा प्रस्तुत संरेखन अनुमोदित
पटना/सारण, दिनांक 07 दिसम्बर (आरएनएस )। सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी के सतत प्रयासों और दीर्घकालिक दृष्टि के परिणामस्वरूप पटना नॉर्दर्न रिंग रोड के सारण वाले हिस्से के संरेखन पर महत्वपूर्ण सहमति बनी। बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरीय अधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस संरेखन पर अंतिम रूप दिया गया। प्रस्ताव को अब राज्य सरकार द्वारा आगे बढ़ा दिया गया है।
इस नये संरेखन के अनुसार दिघवारा से प्रारंभ होकर नॉर्दर्न रिंग रोड गंडक नदी पर बन रहे नए पुल को पार करेगा और आगे बढ़ते हुए जेपी सेतु के समानान्तर बन रहे छः लेन नए गंगा पुल तथा शेरपुर-दिघवारा पुल से सीधी कनेक्टिविटी स्थापित करेगा। यह मार्ग मनचितवा पुल के आगे तक विस्तारित रहेगा।
इसी रिंग रोड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा कोन्हुआ के समीप गंडक नदी पर प्रस्तावित नये पुल के माध्यम से पूर्णिया एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, जिससे न केवल सारण बल्कि पूर्ण उत्तर बिहार में परिवहन नेटवर्क का एक नया युग प्रारंभ होगा। यह पूरी परियोजना दो हजार करोड़ से अधिक की लागत से विकसित होगी। सारण सांसद रुडी ने कहा कि इस परियोजना से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी तो आएगी साथ ही उद्योग, व्यापार, कृषि और सेवा क्षेत्रों को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि कहा कि सारण जिला उत्तर बिहार के प्रमुख आर्थिक हब के रूप में उभर सकेगा और तेज, सुरक्षित और आधुनिक कनेक्टिविटी से पूरे क्षेत्र का संतुलित विकास सुनिश्चित होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री रुडी ने कहा कि रिंग रोड के संरेखन और अनुमोदन की दिशा में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिली सैद्धांतिक सहमति महत्वपूर्ण है। रुडी ने कहा कि नितिन गडकरी जी देश के सर्वाधिक परिणामकारी मंत्री हैं। उनके नेतृत्व में देशभर में रिकॉर्ड गति से सड़कें बनी हैं। बिहार के लिए भी उन्होंने असाधारण सहयोग दिया है। नॉर्दर्न रिंग रोड पर भी उनका मार्गदर्शन निर्णायक भूमिका निभा रहा है। रूडी ने कहा कि यह मार्ग सारण ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर बिहार के विकास को कई दशक आगे ले जाने वाला परिवर्तनकारी प्रोजेक्ट साबित होगा।

