लखनऊ 07 Dec, (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में नौकरी और रोजगार का गंभीर संकट है, थानों में खुलेआम लूट की घटनाएँ हो रही हैं और रुपये की कीमत लगातार गिर रही है। डॉलर के मुकाबले रुपये के 90 के स्तर तक पहुंचने को लेकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि यह देश की कमजोर होती अर्थव्यवस्था का बड़ा संकेत है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर असफल है और जनता से सच्चाई को छिपाने का प्रयास कर रही है।सहारनपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के किसी भी मुद्दे पर कार्य नहीं कर रही है। किसान, नौजवान और मजदूर सभी वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ भावनाओं की राजनीति कर रही है और संविधान के रास्ते से भटककर शासन चला रही है। अखिलेश ने कहा कि सरकार को संविधान के दायरे में रहकर ही कार्य करना चाहिए और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को हो रही भारी परेशानी पर भी अखिलेश ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब उद्योगपतियों को अत्यधिक ताकतवर बना दिया जाएगा तो वे सरकारों पर दबाव बनाने लगते हैं। उनका आरोप था कि इंडिगो प्रबंधन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है क्योंकि भाजपा ने उनसे इलेक्टोरल बॉन्ड के रूप में धन लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार पर पूंजीपति वर्ग का प्रभाव बढ़ता जा रहा है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।अखिलेश यादव ने एसआईआर को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि चुनाव आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी अधिक से अधिक लोगों का वोट बनवाना है, लेकिन हाल के दिनों में देखा जा रहा है कि वोट काटने की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में हार रही है, इसलिए बड़े पैमाने पर मतदाता सूची से नाम हटाए जा रहे हैं। उनका अनुमान है कि दो से तीन करोड़ लोगों के वोट कट सकते हैं, जिसके चलते लोग अपने दस्तावेज़ जुटाने के लिए परेशान हो रहे हैं और कई इलाकों में लोगों को बीएलओ के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।आधार कार्ड की व्यवस्था का उदाहरण देते हुए अखिलेश ने कहा कि जब हर व्यक्ति के पास आधार कार्ड मौजूद है और उसमें फिंगरप्रिंट तथा रेटिना स्कैन जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारी सुरक्षित है, तो आधुनिक तकनीक का उपयोग करके स्वचालित रूप से वोटर सूची को अद्यतन किया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने नोटबंदी और कोविड-19 के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को भी इसी मानसिकता का हिस्सा बताया। साथ ही महाकुंभ में हुई जनहानि के सही आंकड़े न जारी करने का आरोप भी लगाया।उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी वादों में से कोई भी वादा पूरा नहीं किया है और जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट रूप से पराजित करेगी। अखिलेश ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देगी और प्रदेश में बदलाव लाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि सहारनपुर की जनता ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन का साथ दिया था और आने वाले समय में भी समाजवादी पार्टी तथा गठबंधन को मजबूत समर्थन मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता की यह एकजुटता प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी
अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला: महंगाई–बेरोजगारी चरम पर, अर्थव्यवस्था संकट में, जनता परेशान
————————-

