खरगोन 07 Dec, (rns) । मध्य प्रदेश के खरगोन में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर नर्मदा नहर में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना जैतापुर थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, पुरुषोत्तम यादव अपनी पत्नी ज्योति और 2 साल की बेटी के साथ पगड़ी रस्म में शामिल होने रामपुरा गए हुए थे। वापसी के दौरान ठीबगांव और रामपुरा गांव स्थित नर्मदा नहर में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और नहर में गिर गई।
गनीमत है कि इस दौरान मौके पर किसान और मजदूर खेत में मिर्च तोड़ रहे थे। उन्होंने जैसे ही बाइक को गिरते हुए देखा, कड़ी मशक्कत कर सभी को निकाला। लेकिन 28 साल की ज्योति यादव की सांसें थम गई थीं।
हादसे के बाद बच्ची और पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुरुषोत्तम यादव का ICU में इलाज जारी है। वहीं बच्ची को PICU में भर्ती किया गया, लेकिन गंभीर हालत की वजह से उसे इंदौर रेफर कर दिया गया है।

