यमुनानगर 08 Dec, (Rns)- हरियाणा के यमुनानगर में दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब जगाधरी–पांवटा नेशनल हाईवे से सटी पॉपलर पौधों की नर्सरी में एक युवती की नग्न अवस्था में सिरकटी लाश बरामद हुई। शव मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया।
नर्सरी संचालक ने खेत में पानी देने के लिए पहुँचते ही शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतका की उम्र लगभग 25 साल प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर सिर्फ अंडरगारमेंट्स थे, जबकि सिर कहीं नहीं मिला। पुलिस आसपास के पूरे क्षेत्र में युवती के सिर की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा है।
सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए तथा घटनास्थल की बारीकी से जांच की। वहीं, हत्यारों तक पहुँचने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की सहायता भी ली है। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए हत्यारों की तलाश तेज कर दी है और प्रारंभिक जांच में किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को यहाँ फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
ग्रामीणों को कहना है कि जिस तरह से युवती की लाश मिली है, उसके साथ गलत काम किए जाने का भी अंदेशा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि युवती के साथ हत्या से पहले कुछ गलत भी हुआ होगा, अभी इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने युवती की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों में उसके फोटो भेज दिए है।

