दुर्ग , 08 दिसंबर (आरएनएस)।जि़ले के बेलौदी गांव में स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर आज मिडिल और प्राइमरी स्कूल के बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने नगपुरा रोड पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई महीनों से संबंधित अधिकारियों को शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इसी वजह से ग्रामीणों में भारी नाराजग़ी देखने को मिली। जाम के कारण दुर्ग–नगपुरा मार्ग पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
वहीं, स्कूल प्रिंसिपल का कहना है कि कई शिक्षक बीएलओ ड्यूटी में लगे हुए हैं, जिसके चलते स्कूल में स्टाफ की कमी महसूस हो रही है। हालांकि अभिभावक इस तर्क को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और जल्द से जल्द नियमित शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं मिला तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
0000

