रायपुर 9 दिसम्बर 2025(आरएनएस) खमतराई थाना क्षेत्र में हुई 5 लाख रुपए की नकबजनी का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर आरोपी गिरफ्तार, एण्टी क्राइम, साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की पूरी नगदी रकम बरामद कर ली गई। मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1229/2025, धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विजय कुमार सारथी, मूल निवासी जैजेपुर जिला शक्ति, वर्तमान में उरकुरा के हर्षित विहार में किराये के मकान में रह रहा है। उसने अपने पैतृक मकान की बिक्री से मिले पैसों में से 5 लाख रुपए टिन की पेटी में 5 दिसंबर को रखे थे। 8 दिसंबर की सुबह पेटी चेक करने पर रकम गायब मिली, जिसके बाद उसने खमतराई थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और पतासाजी के आधार पर संदेह अनिल कश्यप (19 वर्ष), निवासी अरेठीकला, थाना हसौद, जिला शक्ति पर गया। हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई रकम 5,00,000 रुपए बरामद कर ली। आवश्यक कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

