मुंबई,26 जून। मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजारों में कोई कामकाज नहीं हो रहा है. देश के दोनों प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज— नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पूरी तरह बंद हैं. शुक्रवार को छुट्टी होने के कारण निवेशकों और ट्रेडर्स को तीन दिनों का लंबा वीकेंड मिल गया है. अब बाजारों में नियमित ट्रेडिंग सोमवार, 29 जून को दोबारा शुरू होगी.
एक्सचेंज के सर्कुलर के मुताबिक, इस अवकाश के कारण इक्विटी कैश, इक्विटी डेरिवेटिव्स और करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में कोई सौदा नहीं हो सकेगा. इसके अलावा सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग सेगमेंट भी पूरे दिन के लिए बंद रहेगा.
इससे पहले गुरुवार को बाजार में भारी प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिली थी. सेंसेक्स और निफ्टी ने इंट्राडे में नए रिकॉर्ड बनाए, लेकिन ऊपरी स्तरों पर आईटी और मेटल शेयरों में बिकवाली के कारण बाजार अपनी बढ़त गंवा बैठा. अंतिम घंटों में खरीदारी आने से सेंसेक्स 100.47 अंक (0.14 प्रतिशत) की मामूली बढ़त के साथ 77,100.47 पर बंद हुआ. निफ्टी भी 34.35 अंक (0.14 प्रतिशत) चढ़कर 24,056 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा.
बड़े इंडेक्स के मुकाबले छोटे और मंझोले शेयरों में बिकवाली का दबाव कहीं ज्यादा था. निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 0.5-0.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. निफ्टी के टॉप लूजर्स में हिंडाल्को, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, ओएनजीसी, इंफोसिस, टाटा स्टील और टाइटन शामिल रहे.
आज की छुट्टी के बाद शेयर बाजार के निवेशकों को अगले तीन महीनों तक कोई मिड-वीक हॉलिडे नहीं मिलेगा. इस साल का अगला निर्धारित अवकाश अब सीधे 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के अवसर पर होगा. इसके बाद अक्टूबर में महात्मा गांधी जयंती और दशहरा पर शेयर बाजार बंद रहेंगे.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

