0 थाना पलारी पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव और कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
बलौदाबाजार-भाटापारा, 26 जून (आरएनएस)। सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत थाना पलारी पुलिस ने ग्राम वटगन में नवीन कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी देना था।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना पलारी के पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को देश में लागू नए कानूनी प्रावधानों की सरल भाषा में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना और उनकी सुरक्षा को और मजबूत बनाना है। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता प्रणालियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या यूपीआई पिन साझा नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा फर्जी लॉटरी, नकली लोन ऐप और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ग्राम वटगन के सरपंच बाबूलाल बंजारे, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न कानूनी और साइबर सुरक्षा संबंधी सवाल पूछे, जिनका मौके पर समाधान किया गया।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने लोगों से अपील की कि सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए सजग रहना आवश्यक है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

