सारंगढ़-बिलाईगढ,26 जून (आरएनएस)। सरिया पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 41 किलो 620 ग्राम गांजा, एक सफेद रंग की बलेनो कार (क्क 90 क्र 3416) और एक ओप्पो स्मार्टफोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद रंग की बलेनो कार में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर एक व्यक्ति रायगढ़ के सरिया मार्ग से उत्तर प्रदेश के कानपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सरिया पुलिस ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम रितिक राय (26 वर्ष), पिता गिरीश राय, निवासी ग्राम अमरहट, थाना सरायलखनसी, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे 40 पैकेटों में कुल 41.620 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4.10 लाख रुपये है। इसके साथ तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसके अधिकारों और गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए परिजनों को सूचित किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक मोहन लाल गुप्ता, अनिल साहू, सुरेन्द्र सिदार, टीकाराम पटेल, आरक्षक दिगम्बर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, मुकेश कश्यप, नर्मदा यादव, सुरेन्द्र पटेल, दिलीप साहा तथा साइबर सेल सारंगढ़ के आरक्षक कृष्णा डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

