25 हजार रुपए के लाल मसाला और देशी प्लेन शराब के 300 क्वार्टर जब्त
उज्जैन, आरएनएस, 09, दिसम्बर। खेत से अवैध रूप से शराब बेच रहे तस्कर को नीलगंगा पुलिस ने दबोचा। उसके पास से बॉक्स में छुपाकर रखे लाल मसाला शराब और देशी प्लेन शराब के कुल 300 क्वार्टर जब्त किए गए। पुलिस ने आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम को मुखबिर की सूचना पर वाकणकर ब्रिज के आगे सांवराखेड़ी स्थित खेत से एक शख्स अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बलराम उर्फ राम योगी पिता भगवान नाथ निवासी जयसिंहपुरा को पकड़ा। उसके पास से 6 बॉक्स में लाल मसाला शराब के 50 और देशी प्लेन शराब के 250 क्वार्टर जब्त किए गए। आरोपी ने बॉक्स रखे थे। जब्त की गई शराब की कीमत 25 हजार रुपए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
नरवर पुलिस ने भी पकड़े तस्कर
इधर, नरवर पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब के साथ दो तस्कर को पकड़ा है जिनसे बाइक भी जब्त की गई है। सोमवार रात करीब 8 बजे मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पालखंदा नरवर रोड से बाइक पर अवैध रूप से शराब लेकर जा रहे सूरज पिता इंदर सिलोदिया निवासी केसरबाग कॉलोनी, उज्जैन और यशराज पिता विनोद सिलोदिया निवासी भौंरासा, देवास को पकड़ा।
तलाशी लेने पर उसके पास से देशी शराब के 310 क्वार्टर मिले जिसकी कीमत करीब 21,700 रुपए है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए शराब और बाइक जब्त की है और आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि तस्करों से उनके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों को मंगलवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

