रुड़की,10 दिसंबर (आरएनएस)। कलियर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर नशीला पदार्थ सुंघाकर ई-रिक्शा चुराकर ले जाने का आरोप लगाया है। व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कला गांव निवासी वसीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार दोपहर को वह अपना ई-रिक्शा लेकर दरगाह इमाम साहब की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पुल पर कांवड़ पटरी के पास पहुंचा, तीन व्यक्तियों ने उसे रोककर धनौरी की ओर जाने की बात कही। वसीम ने उन्हें बैठा लिया और कांवड़ पटरी से धनौरी की ओर बढऩे लगा। रास्ते में आरोपियों ने कई जगह रुकवाकर फोटो खिंचवाने का बहाना किया। इसी दौरान उन्होंने बीड़ी में नशीला पदार्थ मिलाकर वसीम को पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर वसीम ने खुद को दो नहरों के बीच सड़क पर पड़ा पाया। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी, जिन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया। पीडि़त ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए ई-रिक्शा को बरामद करने की मांग की है। थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

