लखनऊ 11 Dec, (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज लखनऊ में मौलाना जावेद आब्दी के नेतृत्व में नजफ, ईराक के सम्मानित आध्यात्मिक नेता अयातुल्ला शेख मोहम्मद याकूबी के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमण्डल में अल्लामा सैयद अली अल यासरी, अल्लामा सैयद अली नकी जैदी, अल्लामा डॉ. सैयद कल्बे अब्बास रिजवी अल इज्तेहादी और अल्लामा शेख सालह शामिल थे। इस दौरान अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।ईराकी प्रतिनिधियों ने इस मुलाकात को यादगार बताते हुए कहा कि भारत, अखिलेश यादव के नेतृत्व में व्यापक तरक्की कर सकता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव में सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता है और ईराक में भी लोग उन्हें बेहद पसंद करते हैं। प्रतिनिधियों ने बताया कि ईराक में भारतीय नेता महात्मा गांधी का विशेष सम्मान है और वहां के सांसद अखिलेश यादव से बहुत कुछ सीख सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की संसद में अखिलेश यादव के भाषणों का अरबी में अनुवाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।ईराकी प्रतिनिधिमण्डल ने बताया कि उनके देश में पेट्रोल का पर्याप्त उत्पादन है और भारत–ईराक के बीच व्यापारिक तथा सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत बनाया जाना चाहिए। दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग से पारस्परिक विकास के नए रास्ते खुल सकते हैं।प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत सदियों पुरानी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को मानने वाला देश है, जहां पूरे विश्व को एक परिवार के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की वैश्विक आत्मा दुनिया भर में मेल–मिलाप, संवाद और विश्वास से ही मजबूत होती है। आपसी भाईचारे से ही अमन, चैन और खुशहाली का वातावरण बनता है और विकास के अवसर सबके लिए सुनिश्चित किए जा सकते हैं।उन्होंने कहा कि समाजवाद का लक्ष्य हर तरह की गैर-बराबरी को समाप्त करके सबके लिए इंसाफ सुनिश्चित करना है। किसी भी धर्म में जुल्म को जगह नहीं होती, और धैर्य तथा सद्भाव सभी धर्मों की मूल सीख है। इंसान तभी आगे बढ़ सकता है, जब समाज में हर किसी के साथ न्याय और बराबरी का व्यवहार हो।अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार के जनहितकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को पेंशन दी, साइकिल ट्रैक बनवाए, छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें दीं, लैपटॉप वितरण कराया। अस्पतालों में निःशुल्क इलाज की बेहतर व्यवस्था की गई और गंभीर बीमारियों—हार्ट, लीवर, किडनी और कैंसर—की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। मरीजों के आवागमन के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 सेवा भी शुरू की गई, जिसकी सराहना पूरे प्रदेश में हुई।मुलाकात के अंत में ईराकी प्रतिनिधिमण्डल ने समाजवादी सरकार के जनहित कार्यों की प्रशंसा की और अखिलेश यादव के स्वास्थ्य एवं सफलता की कामना की। प्रतिनिधियों ने उन्हें ईराक यात्रा का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी
अखिलेश यादव से ईराकी प्रतिनिधिमण्डल की मुलाकात, भारत-ईराक रिश्तों को और मजबूत बनाने पर चर्चा
————————

