सिवनी 12 दिसंबर (आरएनएस)। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में कुरई में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की खंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत एएनसी रजिस्ट्रेशन की समीक्षा से हुई, जिसमें कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खंड में शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मॉडरेट एनीमिक एवं हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन एवं मॉनिटर करने के निर्देश दिये।
बैठक में इस वर्ष दर्ज मातृ मृत्यु प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का गहन विश्लेषण कर कमियों की पहचान की जाए और उसी के अनुरूप सुधारात्मक कदम उठाए जाएँ। सभी स्वास्थ्य संस्थानों को गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग, समय पर रेफरल और वरिष्ठ संस्थानों में भेजे गए प्रकरणों का अद्यतन रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन गर्भवती महिलाओं को रेफर किया जा रहा है, उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि वरिष्ठ चिकित्सालय तक सुरक्षित पहुंच, समय पर उपचार और आगे की सभी प्रक्रियाओं का सही पालन सुनिश्चित हो सके।
टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कुरई क्षेत्र में टीबी स्क्रीनिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि टीबी की शीघ्र पहचान, जांच और दवा वितरण की व्यवस्था को हर स्तर पर मजबूत किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने टीकाकरण कार्यक्रम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकासखंड में शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण प्रतिशत कम है वहाँ विशेष अभियान चलाकर सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को समय पर टीका लगाया जाए। टीकाकरण सत्र स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की बाधा होने पर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिकल सेल उपचार एवं फॉलोअप, एनसीडी कार्यक्रम डायबिटीज, बीपी आदि और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी बीएमओ एवं स्वास्थ्य अमले को नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और फील्ड स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, एसडीएम श्री विजय सेन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

