कोलकाता 14 दिसंबर (आरएनएस)। साल्टलेक स्थित युवा भारती क्रीड़ांगन में मेसी के प्रशंसकों के द्वारा भड़क कर हंगामा से लेकर तोडफ़ोड़ व आगजनी की कोशिश की घटना के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान हुई घटना को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर जुबानी हमला किया है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था के चरमराने और वीआईपी कल्चर को इसका जिम्मेदार ठहराया। साफ कहे तो हिमंता बिस्वा सरमा ने ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि ममता सरकार भीड़ को नियंत्रण करने में नाकामयाब साबित हुई है। अधिकारियों से घिरे होने के कारण भारी संख्या में जुटे लोग उन्हें देख तक नहीं सके। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, जुबीन गर्ग की मौत के बाद गुवाहाटी की सड़कों पर 3 दिन तक 10 करोड़ से भी ज्यादा लोग मौजूद थे, लेकिन कोई गड़बड़ नहीं हुई। सबकुछ शांति से खत्म हुआ। लगभग 50 हजार लोग अंतिम संस्कार में गए थे, लेकिन कोई हादसा नहीं हुआ। मुंबई में महिला विश्व कप फाइनल के दौरान भी सबकुछ शांति से संपन्न हुआ, लेकिन बंगाल एक ऐसा राज्य है, जहां कुछ भी कहा नहीं जा सकता है। वहां वीआईपी कल्चर काफी ज्यादा है। हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे कहा, मेसी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा हैं। ममता बनर्जी को खुद का निरीक्षण करने की जरूरत है। बंगाल में हर दिन लोगों पर अत्याचार होता है। यह चिंता का विषय है। सरमा ने आगे कहा कि इस घटना से राज्य के नेतृत्व को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा, मेसी पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श हैं। ममता बनर्जी को आत्ममंथन करना चाहिए। बंगाल में हर दिन निर्दोष लोगों पर अत्याचार होते हैं और यह चिंता का विषय है।


















