बिलासपुर 15 दिसंबर 2025 (आरएनएस) पश्चिम रेलवे मुंबई में पदस्थ सीएसई (मुख्य सिग्नल इंजीनियर) उमेश से कुमार ने बिलासपुर डीआरएम पद संभालने से इन्कार कर दिया है। से हालांकि रेलवे बोर्ड की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन एक दो दिनों में इस मामले पर अहम निर्णय की उम्मीद है। यह फैसला बिलासपुर डीआरएम पद की जिम्मेदारी तय करेगा।ज्ञात हो गतौरा-लालखदान रेल हादसे पर मुख्य संरक्षा आयुक्त की रिपोर्ट के बाद रेलवे बोर्ड ने बिलासपुर डीआरएम राजमल खोइवाल को पद से हटाकर उनका तबादला कर दिया है। उनकी जगह पर पश्चिम रेलवे मुंबई में पदस्थ उमेश कुमार को बिलासपुर डीआरएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश 10 दिसंबर को बोर्ड से जारी हुआ। लेकिन दूसरे ही दिन 11 दिसंबर को इंजीनियर उमेश कुमार ने रेलवे बोर्ड के सचिव को पत्र लिखकर बताया कि उनके पुत्र की कक्षा 10 की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के कारण स्थानांतरण स्वीकार करने में असमर्थ है। पत्र में पत्नी की नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला भी दिया गया है। उन्होंने अनुरोध किया है कि उन्हें पश्चिम रेलवे में ही कार्य जारी रखने की अनुमति दी जाए और बिलासपुर डीआरएम के स्थानांतरण आदेश को रद किया जाए। यह पत्र रेलवे गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि आमतौर पर वरिष्ठ अधिकारियों का जिम्मेदारी से इन्कार करना दुर्लभ होता है। उमेश कुमार के इन्कार से अब दूसरे अधिकारी की नियुक्ति की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि रेलवे बोर्ड से इस पर किसी तरह का आदेश नहीं आया है।
राज्य वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन 20 तक
बिलासपुर।जिले के 18 वर्ष आयु तक के बालक-बालिकाओं को असाधारण वीरता, साहस एवं बुद्धिमत्ता के लिए राज्य वीरता पुरस्कार प्रदान करने के लिए 20 दिसंबर तक आवेदन मंगाए गए हैं। एक जनवरी से आवेदन की तिथि के पूर्व तक की अवधि में विचारणीय होगी। आवेदन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग में जमा किए जा सकते हैं।

