श्रीनगर 16 Dec, (Rns): जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड के बीच कुदरत का सफेद कहर शुरू हो गया है। जोजिला-द्रास और शिंकुला समेत कई पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई, जहां करीब 1 से 2 इंच तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी आसमान में बादल छाए रहने और जोजिला व शिंकुला जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में और अधिक बर्फबारी होने का अनुमान जताया है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ने की आशंका है।
बर्फबारी की इस खूबसूरती के बीच सड़कों पर बनी फिसलन जानलेवा साबित हो रही है। इसी फिसलन के कारण पांड्रास वॉर मेमोरियल के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए सीधे नदी में जा गिरा। यह पूरा हादसा वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। गनीमत रही कि ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन वह हादसे में घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि रविवार को हुई बर्फबारी के बाद से ही सड़कों पर फिसलन (Slippery condition) बनी हुई थी, जो इस दुर्घटना का मुख्य कारण बनी।
श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद ने आने वाले दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। उनके मुताबिक, 16 से 18 दिसंबर तक पूरे केंद्र शासित प्रदेश में मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है और यही स्थिति 19 व 20 दिसंबर को भी बनी रहेगी। विशेष रूप से उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में देर रात या सुबह के वक्त बहुत हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से 21 दिसंबर की शाम तक कश्मीर और जम्मू संभाग के कुछ छिटपुट स्थानों पर बारिश या हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे मैदानी इलाकों में भी ठिठुरन बढ़ेगी।

