बिलासपुर 17 दिसंबर 2025 (आरएनएस) शहर की सड़कों पर ईवी व्हीकल की संख्या बहुत अधिक बढ़ चुकी है। लागातार ईवी व्हीकल की बिकवाली हो रही है, लेकिन पिछले 2 साल से लोगों को सब्सिडी नहीं मिल पाई है। साल 2025 के साथ ही 2024 में बिके 6 हजार ईवी व्हीकल के मालिकों को सब्सिडी नहीं मिल रही है। जिले में पौने 4.7 करोड़ सब्सिडी के लिए वाहन मालिक सब्सिडी का इंतजार कर रहे हैं।
परिवहन विभाग में बजट खत्म होने के बाद जिले में इलेट्रिक व्हीकल (ईवी) खरीदने वाले को सब्सिडी नहीं मिल पा रही है। राज्य सरकार ने बजट में जिले के लिए 60 लाख रुपये का फंड आबंटित किया था और 2022 व 2023 में बिके वाहनों के लिए सब्सिडी जारी की जा चुकी है, लेकिन इसके बाद अब तक फंड नहीं आया है। विभाग में फंड का टोटा है, ऐसे में वाहन खरीदने वालों को सब्सिडी नहीं मिल पा रही है। खाते में रकम नहीं पहुंचने के कारण ईवी खरीदार अब बैंक, आटोमोबाइल डीलरों और आरटीओ के चक्कर लगा रहे हैं। 2024 में 3300 व 2025 में 2765 वाहनों के सब्सिडी बकाया है। इन वाहनों पर करीब पौने 4.7 करोड़ रूपए की राशि दी जानी है। ऐसे में हितग्राही अबतक सब्सिडी का इंतजार ही कर रहे हैं।
दो साल से इंतजार कर रहे हितग्राही
जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक ईवी व्हीकल में टू व्हीलर गाड़ियां ही हैं, इस पर राज्य सरकार द्वारा 14 हजार की सब्सिडी का प्रावधान है। वाहन की कीमत का 10 फीसदी बतौर सब्सिडी के तौर पर भुगतान किया जाता है। इसमें आटो पहिया और हैवी वाहन भी शामिल है। जानकारों के मुता ब्रांडेड वाहनों पर एक से डेढ़ लाख की सब्सिडी दी जाती है।
जानकारी भेज दी गई
वाहनों की सब्सिडी फंड के अभाव में रूकी है, हमने आला अधिकारियों को जानकारी भेज दी है। बजट की व्यवस्था होते ही सभी की सब्सिडी आ जाएगी। विलंब जरूर हो रहा है लेकिन दस्तावेज सही होने पर दिक्कत नहीं आती है।
– असीम माथुर, आरटीओ,
– बिलासपुर

