बिलासपुर 17 दिसंबर 2025 (आरएनएस) बेलगहना चौकी क्षेत्र में नाचा कार्यक्रम के दौरान चंदे की रकम को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2025 को ग्राम छतौना में आयोजित नाचा कार्यक्रम के दौरान आनंद राम भानु और अजय भानु ने अशोक कुमार तिवारी से जबरन पैसे की मांग की। रकम देने से इनकार करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और चूड़ा से मारपीट की थी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर चौकी बेलगहना, थाना कोटा में अपराध दर्ज कर जांच शुरु की गई। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। इसी बीच 16 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि आनंद राम भानु अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अजय भानु के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने प्रथम दृष्टया सबूतों के आधार पर आनंद राम भानु को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, दूसरा आरोपी अजय भानु अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आनंद राम भानु के खिलाफ पहले से हत्या, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

