-रात के अंधेरे में दो वाहनों से लाकर छोड़े गए बंदर
मिल्कीपुर-अयोध्या 17 दिसंबर (आरएनएस)। मिल्कीपुर विकासखंड के देवरिया मजरे नौहडिय़ा और बारुन बाजार से सटे गांवों में बंदरों के आतंक से किसान और ग्रामीण परेशान हैं। बंदरों ने आलू और मटर सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा, बंदरों के हमले में 20 वर्षीय नंदिनी पुत्री संजय साहू और दो अन्य बच्चे घायल भी हुए हैं जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।किसान बुधराम चौहान ने बताया कि सुबह जब वे अपने खेत में गए तो देखा कि बड़ी संख्या में आलू के पौधों को बंदरों ने उजाड़ दिया था। बंदरों ने उन पर हमला करने की कोशिश भी की, जिससे उन्हें भागकर जान बचानी पड़ी। इसी तरह, रमेश चौहान ने बताया कि उनके बैंगन और मटर की फसल को भी बंदरों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के अंधेरे में अयोध्या की तरफ से आए दो अज्ञात वाहनों से बारुन बाजार में बड़ी संख्या में बंदरों को छोड़ा गया है, जिसके कारण अचानक उनकी आबादी बढ़ गई है। बंदरों ने गांव के किनारे बने सामुदायिक शौचालय पर भी डेरा जमा रखा है, जिससे ग्रामीणों को उसके उपयोग में कठिनाई हो रही है। स्थानीय किसान अरुण कुमार, राजेश कुमार, मूलचंद, रामजी, मोतीलाल, सुभाष तिवारी, कट्टर साहू, गिरिजा प्रसाद चौहान, सुमित कुमार, राम सुरेंद्र साहू, तिलक राम, धर्मेंद्र कुमार और राजकुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

