-22 दिसंबर को रामनगरी अयोध्या में होगा समापन
मिल्कीपुर-अयोध्या। चित्रकूट-बांदा स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर से 6 दिसंबर को प्रारंभ हुई राम नाम संकीर्तन पदयात्रा 17 दिसंबर को नगर पंचायत कुमारगंज पहुंची। पदयात्रा के कुमारगंज पहुंचते ही स्थानीय श्रद्धालुओं और भाजपा नेताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रबली सिंह, साहब प्रसाद कौशल, कुंवर बहादुर मिश्रा एवं भानु प्रसाद गोस्वामी ने पदयात्रियों का अभिनंदन किया। यह पदयात्रा पिछले 17 वर्षों से निरंतर निकाली जा रही है। प्रत्येक वर्ष 6 दिसंबर को चित्रकूट से शुरू होकर यह यात्रा नंदीग्राम होते हुए 22 दिसंबर को अयोध्या पहुंचती है, जहां भगवान श्रीरामलला के दर्शन के उपरांत इसका समापन होता है। पदयात्रा का उद्देश्य लोक कल्याण और सनातन संस्कारों का प्रचार-प्रसार बताया गया है। यात्रा के आयोजक भोले बाबा ने बताया कि यह एक सनातनी संस्कारिक यात्रा है, जो सीताराम नाम के निरंतर कीर्तन और जाप के साथ पूरी की जाती है। इस पदयात्रा में करीब 40 श्रद्धालु शामिल हैं, जो पूरे मार्ग में भक्ति भाव से राम नाम का संकीर्तन करते हुए आगे बढ़ते हैं। पदयात्रा के साथ चल रहे रथ पर भी संगीत मय राम नाम का जाप हो रहा था, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया। भोले बाबा ने यह भी बताया कि 17 दिसंबर को पदयात्रा का विश्राम हनुमान मंदिर, कुमारगंज में किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी भक्तों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके ठहराव व सेवा की व्यवस्था की। वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रबली सिंह ने कहा कि यह राम नाम संकीर्तन पदयात्रा हर वर्ष कुमारगंज होकर गुजरती है और क्षेत्रवासियों के लिए यह आस्था व श्रद्धा का विशेष अवसर होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की यात्राएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार करती हैं
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

