-संक्रामक बीमारियों का खतरा गहराया
सोहावल-अयोध्या 17 दिसंबर (आरएनएस)। नगर पंचायत खिरौनी सुचित्तागंज में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नगर के मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे कूड़े के ढेर ने न केवल पर्यावरण को प्रदूषित कर दिया है। बल्कि स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना भी मुहाल कर दिया है।सड़क किनारे फैले प्लास्टिक और सड़ते हुए कचरे के कारण पूरे क्षेत्र में भारी दुर्गंध छाई रहती है। कूड़ा सड़कों तक फैला हुआ है।जिससे निकलने वाली जहरीली गैसों और धूल से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन कूड़ा निस्तारण के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। गंदगी के इस साम्राज्य के कारण मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है।जिससे क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों के फैलने की आशंका प्रबल हो गई है। लोगों का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन के बड़े-बड़े दावों के बीच खिरौनी सुचित्तागंज की यह बदहाल तस्वीर प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्षेत्रीय जनता ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत के अधिकारियों से मांग की है कि इस स्थान से तत्काल कूड़े की सफाई कराई जाय और भविष्य में कचरा फेंकने के लिए उचित डस्टबिन व निस्तारण की व्यवस्था की जाय।जिससे आम जन मानस को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

