अयोध्या 17 दिसंबर (आरएनएस)। गन्ना घटतौली और धान क्रय केंद्रों को सुचारू रूप से चालू करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा तथा समस्या के निराकरण हेतु वार्ता भी की। ज्ञापन में कहा गया है कि चीनी मिल के गेट से लेकर जिले के लगभग सभी गन्ना तौल केंद्रों पर बड़े पैमाने पर घटतौली की जा रही है जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। धान क्रय केंद्रों पर सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर धान खरीद में आनाकानी करते हुए धान की खरीद नहीं की जा रही है। पूर्व निर्धारित धान क्रय केंद्रों को चालू भी नहीं किया गया है। किसान नेताओं ने मांग की कि गन्ना तौल केंद्रों और धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कराकर घटतौली पर रोक लगाई जाए तथा धान की खरीद सुनिश्चित कराई जाए। नगर मजिस्ट्रेट द्वारा आश्वासन दिया गया उच्चाधिकारियों से वार्ता के पश्चात औचक निरीक्षण कराकर समस्या शीघ्र दूर कराई जाएगी। इस अवसर पर मोर्चा संयोजक मया राम वर्मा, किसान सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार तिवारी, भाकियू नेता कमला प्रसाद बागी, धर्मराज पटेल, किसान सभा के जिला सचिव मया राम वर्मा, किसान नेता अशोक यादव, विनोद सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र प्रसाद वर्मा, आशीष पटेल, यासीन बेग आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

