सुकमा, 18 दिसंबर (आरएनएस)।छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जिले के गोलापल्ली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान सिंगनमरागु इलाके में नक्सलियों के साथ उनकी मुठभेड़ हो गई।
सुरक्षाबलों ने माओवादियों के गढ़ में घुसकर कार्रवाई की, जिसमें अब तक 3 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सली किस्टाराम एरिया कमेटी से जुड़े बताए जा रहे हैं। फिलहाल इलाके में रुक-रुक कर दोनों ओर से फायरिंग जारी है, ऐसे में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढऩे की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन नक्सल विरोधी अभियान के तहत चलाया जा रहा था। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने रणनीतिक बढ़त बनाते हुए नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। पूरे अभियान की निगरानी सुकमा एसपी किरण चव्हाण स्वयं कर रहे हैं।
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान इस प्रकार है:
माड़वी जोगा उर्फ मुन्ना उर्फ जगत – एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम), किस्टाराम एरिया कमेटी
सोधी बंदी – एसीएम, किस्टाराम एरिया कमेटी
नुप्पो बाजनी – एसीएम (महिला), किस्टाराम एरिया कमेटी
सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

