हिसार ,18 दिसंबर (आरएनएस)। हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। कड़ाके की ठंड के साथ अब प्रदेश में कोहरे का डबल अटैक शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (ढ्ढरूष्ठ) ने अगले चार दिनों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इनमें 9 जिलों में बहुत घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 18 और 19 दिसंबर को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, करनाल, कैथल, सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र जिलों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य 13 जिलों में भी घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 21 दिसंबर के बाद ही कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। बीते दिनों अचानक छाए कोहरे और धुंध के कारण सड़कों पर कई हादसे हो चुके हैं। इसे देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बुधवार को महेंद्रगढ़ का नारनौल 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। वहीं पंचकूला और झज्जर में घना कोहरा छाया रहा, जबकि हिसार में सुबह हल्के बादल देखने को मिले।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन रात की ओस और सुबह के कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
भिवानी (्रङ्खस्) में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सिरसा में 25.1 और फरीदाबाद में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं पंचकूला में दिन का पारा सबसे कम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में ठंड में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पंचकूला (-6.5 डिग्री) और करनाल (-5.2 डिग्री) में दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

