जयपुर/जोधपुर 22 April, (Rns) । प्रदेश के अधिवक्ताओं की सबसे बड़ी संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) के चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लगभग 8 साल के लंबे इंतजार और 3 साल की देरी के बाद हो रहे इन चुनावों को लेकर वकीलों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शाम 5 बजे तक चलने वाली इस वोटिंग प्रक्रिया में प्रदेश के 84,247 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 23 सीटों के लिए 234 दिग्गज मैदान में : इन चुनावों में 23 कार्यकारी पदों के लिए कुल 234 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी की कड़ी निगरानी में हो रहे इस चुनाव में सुरक्षा और निष्पक्षता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान के बाद सभी मतपेटियों को जिला जज (District Judge) के पास सुरक्षित जमा कराया जाएगा, जिन्हें कल पुलिस सुरक्षा के बीच जोधपुर मुख्यालय भेजा जाएगा। मतगणना की शुरुआत 29 अप्रैल से होगी।
महिलाओं के लिए 30% आरक्षण: एक नया अध्याय : इस बार के चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक हैं। बार काउंसिल के इतिहास में पहली बार महिला अधिवक्ताओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। 23 निर्वाचित पदों में से 5 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 2 महिलाओं को सह-नामित (Co-opted) किया जाएगा। यही कारण है कि इस बार 57 महिला प्रत्याशी चुनावी दंगल में उतरी हैं, जिससे परिषद में महिलाओं की भागीदारी बढ़कर 7 सदस्यों तक पहुंच जाएगी।
जयपुर में सबसे बड़ा जमावड़ा, खास व्यवस्थाएं
सबसे बड़ा बूथ : राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर बेंच में प्रदेश का सबसे बड़ा पोलिंग बूथ बनाया गया है, जहाँ 14,781 वकील पंजीकृत हैं।
200 केबिन : हाईकोर्ट के बेसमेंट पार्किंग में बनाए गए बूथ पर एक साथ 200 वकील वोट डाल सकेंगे, ताकि भीड़ न हो।
जयपुर का दबदबा : अकेले जयपुर शहर में हाईकोर्ट, सेशन कोर्ट और अन्य अधीनस्थ न्यायालयों को मिलाकर सर्वाधिक 22 हजार वोटर्स हैं।
सुरक्षा: हाईकोर्ट के गेट नंबर 3 और 4 से केवल मतदाताओं (वकीलों) को ही प्रवेश दिया जा रहा है, पक्षकारों की एंट्री इन द्वारों से वर्जित रखी गई है।
प्रदेश भर में कुल 258 पोलिंग बूथों पर सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान अधिकारियों की बड़ी टीम तैनात है। यह चुनाव न केवल अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पहली बार महिला प्रतिनिधित्व के साथ यह संस्था एक नई दिशा की ओर कदम बढ़ा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

