धर्मशाला 24 April, (Rns)- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बस, टैक्सी और ट्रक ऑपरेटरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कांगड़ा हवाई अड्डे पर मुलाकात की और ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) प्रणाली को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ऑपरेटरों की समस्याओं को गंभीरता से
सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि फिलहाल कांगड़ा जिले में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और मोटर वाहन निरीक्षकों (एमवीआई) के माध्यम से वाणिज्यिक वाहनों के मैनुअल फिटनेस परीक्षण की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी।
पठानिया ने कहा कि पहाड़ी राज्यों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को देखते हुए इस मामले
को केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाया गया है। उन्होंने राज्य के सभी भाजपा सांसदों से इस मुद्दे का समर्थन करने और परिवहन ऑपरेटरों के हित में इसे केंद्र के पास उठाने का आग्रह किया। उन्होंने आगे जानकारी दी कि भारत सरकार ने ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों के माध्यम से वाहन फिटनेस परीक्षण अनिवार्य कर दिया है, जिससे राज्य में कई व्यावहारिक कठिनाइयां पैदा हो रही हैं। इस अवसर पर कांगड़ा जिले के विभिन्न ऑपरेटर संघों के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें विक्की पठानिया, करतार पठानिया, मेहर सिंह ठाकुर, मोहिंदर सिंह, संजय शर्मा, कार्तिक शर्मा, कुलजीत राणा, निक्का राम, कर्मा, अशोक शर्मा और कपिल शामिल थे।

