तेहरान, 24 अपै्रल। अमेरिकी हमले में घायल होने के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक तौर पर देखे नहीं गए हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर अटकलों के बीच दावा किया गया है कि वे अभी भी घायल हैं और उनकी बातचीत करने की क्षमता सीमित है। उनके पैर और हाथ की सर्जरी हुई है। हालांकि, इस बीच उन्होंने संदेश जारी कर देशवासियों से एकता बनाए रखने का आह्वान किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा के एक पैर का 3 बार ऑपरेशन हो चुका है और अब वे उसके लिए कृत्रिम अंग का उपयोग करेंगे। उनके हाथ की भी सर्जरी हुई है और वह धीरे-धीरे फिर से काम करने लगा है। उनके चेहरे और होंठ बुरी तरह जल गए हैं, जिसके कारण उन्हें बोलने में परेशानी होती है। अधिकारियों ने बताया है कि उन्हें शायद प्लास्टिक सर्जरी की भी जरूरत पड़ सकती है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा शासन चलाने के लिए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के जनरलों की सलाह पर निर्भर हैं और सभी मिलकर सामूहिक रूप से निर्णय लेते हैं। मोजतबा के करीबी अब्दोलरेजा दावरी ने कहा, मोजतबा देश का शासन ऐसे चला रहे हैं, मानो वे किसी बोर्ड के निदेशक हों। वे बोर्ड के सदस्यों की सलाह और मार्गदर्शन पर बहुत अधिक निर्भर रहते हैं, और वे सभी मिलकर सामूहिक रूप से सारे निर्णय लेते हैं।
4 वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने बताया कि मोजतबा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन वे मानसिक रूप से सक्रिय हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, उनके भेजे गए संदेश हाथ से लिखे होते हैं, लिफाफों में बंद होते हैं और कारों और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाए जाते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, अधिकारी उससे मिलने नहीं जाते, क्योंकि उन्हें डर है कि इजरायल उनका पता लगाकर मार सकता है।
मोजतबा ने अपने संदेश में कहा कि ईरानियों की एकता ने विरोधियों को कमजोर किया है और आंतरिक एकता को मजबूत किया है। उन्होंने दुश्मन मीडिया द्वारा जनमत को निशाना बनाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी भी दी और जनता से सतर्क रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, हमारी लापरवाही कहीं इस नापाक इरादे को सफल न होने दे। देशवासियों के बीच बनी एकता के कारण दुश्मन के खेमे में फूट पड़ गई है।
28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हमले में आयातुल्लाह अली खामेनेई का निधन हो गया था। इसी हमले में मोजतबा भी घायल हुए थे। इसके बाद 8 मार्च को उन्हें ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया। तब से मोजतबा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाई दिए हैं। 12 मार्च को सरकारी टीवी पर मोजतबा का एक संदेश प्रसारित हुआ था, लेकिन ये पहले से रिकॉर्ड किया गया था। 20 मार्च को उन्होंने फारसी नव वर्ष पर अपना संदेश दिया था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

