0-एफटीए और रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
ऑकलैंड,10 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड पहुंचे. यहां ऑकलैंड एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री लक्सन ने पीएम मोदी का स्वागत किया.
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर पीएम मोदी तीन देशों की यात्रा पूरा कर, अंतिम चरण में ऑकलैंड पहुंचे. दो दिवसीय न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान मोदी, प्रधानमंत्री लक्सन और अन्य शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इसके अलावा वह वहां भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे.
विदेश यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि प्रधानमंत्री लक्सन के साथ उनकी बातचीत का मुख्य ध्यान आर्थिक, व्यापारिक और वाणिज्यिक संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर केंद्रित रहेगा.
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि, थोड़ी देर पहले ऑकलैंड पहुंचा. एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए प्रधानमंत्री लक्सन का शुक्रिया. यह दौरा ऐतिहासिक है, चार दशकों में न्यूजीलैंड का यह पहला प्रधानमंत्री दौरा है. मैं प्रधानमंत्री लक्सन के साथ बातचीत करने और भारत-न्यूजीलैंड दोस्ती की पूरी रेंज पर चर्चा करने का इंतजार कर रहा हूं. मैं कल ऑकलैंड में एक कम्युनिटी प्रोग्राम को भी संबोधित करूंगा.
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की तीन देशों की यात्रा पर हैं. इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा और रक्षा संबंधों को और मजबूत बनाना है. पीएम मोदी के दौरे के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच असैन्य परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.
ऑस्ट्रेलिया की यात्रा समाप्त होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, जैसे जैसे मेरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा समाप्त हो रही है…, मैं ऑस्ट्रेलिया की सरकार, वहां के लोगों और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का उनके स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.
उन्होंने कहा, इस यात्रा के परिणामों ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खोले हैं. आने वाले समय में इस सहयोग की गति हमारे दोनों देशों और पूरी दुनिया के लिए लाभकारी होगी.
हवाई अड्डे पर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने प्रधानमंत्री मोदी को विदाई दी. विदेश मंत्रालय ने ‘एक्सÓ पर एक पोस्ट में कहा, मजबूत साझेदारी. बड़ी महत्वाकांक्षा. साझा भविष्य. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने वाली सफल यात्रा के बाद मेलबर्न से रवाना हो गए हैं.
पीएम मोदी के ऑकलैंड पहुंचने से पहले मंत्रालय ने कहा, रणनीतिक रक्षा सहयोग, आर्थिक साझेदारी, शिक्षा, खेल और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत सामुदायिक संबंधों तक, इस यात्रा ने सहयोग के नए रास्ते खोले हैं और भारत एवं ऑस्ट्रेलिया के लोगों के बीच गहरे रिश्तों को और मजबूत किया है. प्रधानमंत्री अब अपनी यात्रा के अंतिम चरण के लिए न्यूजीलैंड के ऑकलैंड रवाना हो गए हैं.
पीएम मोदी ने कहा, मेरी यह यात्रा मार्च 2025 में प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा के बाद हमारे द्विपक्षीय संबंधों में आई सकारात्मक गति को और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के साथ द्विपक्षीय व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है.
ऑस्ट्रेलिया की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ शिखर वार्ता की. दोनों नेताओं ने शांतिपूर्ण और स्थिर हिंद-प्रशांत क्षेत्र सुनिश्चित करने में भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया. इस शिखर वार्ता की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रक्षा सहयोग, विशेषकर समुद्री सुरक्षा में सहयोग को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने पर सहमति रही.
दो वर्षों से अधिक समय तक चली वार्ताओं के बाद असैन्य परमाणु ऊर्जा सहयोग समझौते को अंतिम रूप दिया गया. इसके तहत ऑस्ट्रेलिया भारत को व्यावसायिक आधार पर यूरेनियम की आपूर्ति करेगा, जिसका उपयोग भारत अपनी परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं में करेगा. ऑस्ट्रेलिया से पहले प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया की यात्रा पर थे, जहां उन्होंने महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 14 समझौतों पर हस्ताक्षर किए.
००

