चंडीगढ़ ,18 दिसंबर (आरएनएस)। पंजाब और चंडीगढ़ में घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। सड़कों के साथ-साथ आसमान में भी घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह घना कोहरा पड़े रहने की संभावना है। घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार को तीन फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि दो फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया। जयपुर और दिल्ली जाने वाली दो उड़ानें रद्द की गईं, वहीं दिल्ली और जयपुर से आने वाली दो फ्लाइट्स चंडीगढ़ नहीं पहुंच सकीं। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के बाद दिन चढऩे पर धूप निकलने से कुछ हद तक राहत मिल रही है। दिन में ठंड का असर कम रहता है, लेकिन रात और सुबह के समय सर्दी बढ़ जाती है। सर्द रातों के कारण लोग सड़कों के किनारे आग जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है। रोपड़ में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि घने कोहरे के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कम विजिबिलिटी को देखते हुए धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

