रुद्रपुर,18 दिसंबर (आरएनएस)। मेयर विकास शर्मा ने बुधवार को एसएसपी मणिकांत मिश्रा के साथ पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान मेयर ने नगर निगम की ओर से पुलिस लाइन में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से संवाद कर परिसर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन से संबंधित विभिन्न आवश्यकताओं से अवगत कराया। इनमें पुलिस लाइन ग्राउंड में स्थित स्टेज का सौंदर्यीकरण, पुलिसकर्मियों व उनके परिवारों के सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बारातघर निर्माण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग शामिल रही। इन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम स्तर से सहयोग की अपेक्षा जताई गई। मेयर ने कहा कि पुलिसकर्मी शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके आवासीय परिसर में आवश्यक सुविधाओं का होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन से जुड़ी मांगों को नगर निगम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। यह भी कहा कि नगर निगम पुलिस प्रशासन सहित अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहा है। सौंदर्यीकरण और निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

